fbpx

Sambhal News: गर्भवती का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप


बनियाठेर/चंदौसी। थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव आटा की मड़ैया में नौ माह की गर्भवती कविता (23) का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतका के पति, ससुर व सास को हिरासत में ले लिया है।

बनियाठेर क्षेत्र के गांव आटा की मड़ैया निवासी विशाल की शादी एक साल पहले गांव कैथल निवासी कविता के साथ हुई थी। बुधवार को विशाल घर से बाहर गया हुुआ था। सास पड़ोस में किसी के घर गई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे विशाल घर आया तो पत्नी कविता नहीं मिली। एक कमरे में देखा तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखने पर कविता कमरे में कुंडे से साड़ी के फंदे पर लटकी दिखाई दी। विशाल ने शोर मचा दिया तथा खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर घुसकर कमरा खोला तथा कविता को फंदे से उतारा।

सूचना पर मृतका के पिता शेर सिंह, मां व अन्य परिजन भी आ गए। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता शेर सिंह का कहना है कि अभी शादी को एक ही साल हुआ था। शादी के बाद उसके ऊपर तीन लाख रुपये का खर्च हो गया। जमीन बेचकर यह खर्च उतारा था। आरोपी दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। दो बार पहले भी झगड़ा हुआ था। एक बार थाने में तो दूसरी बार आटा चौकी में फैसला हुआ था। शेर सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह भी उसकी कविता से बात हुई थी। उसने कहा था कि वह परेशान है। वह ससुराल से ले जाने की बात कह रही थी। सूचना पर एसडीएम रामकेश धामा, सीओ प्रदीप कुमार व पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने पति विशाल, ससुर व सास को हिरासत में ले लिया है। अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।



Source link