झांसी2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
ये तस्वीर झांसी के खैरा नुनार में हुई डकैती के बाद की है। 10 दिनों में डकैती की दो वारदात हो चुकी हैं।
झांसी में बेखौफ हो चुके बदमाशों ने कोहराम मचा डाला। वे रोजाना डकैती, लूट और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला रहे हैं। 10 दिनों में 2 बड़ी डकैती डाल चुके हैं तो लूट और चोरी की 10 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया गया है।
गांव हो या शहर बदमाश हर जगह कहर भरपा रहे हैं। पुलिस के सुरक्षा के सारे दावे फैल हो चुके हैं। इस माह तो बदमाशों ने जमकर कहर भरपाया है। टोड़ीफतेहपुर के ढुरवई में 60 लाख से ज्यादा की डकैती का खुलासा होते ही खैरो गांव में दूसरी बड़ी डकैती होने से पुलिस की चैन की नींद उड़ी हुई है।
10 दिन में दो डकैती, तरीका एक जैसा

ढुरवई में श्रवण कुमार वाजपेई के घर में डकैती का खुलासा हो चुका है। अब दूसरी डकैती पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।
बेखौफ बदमाशों ने होली की रात टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के ढुरवई में श्रवण कुमार वाजपेई के घर में 60 लाख से ज्यादा की डकैती डाली। पुलिस अब तक इस घटना में शामिल पांच बदमाशों को ही गिरफ्तार कर पाई है। लूटा हुआ माल भी पूरा बरामद नहीं हो पाया है।
इस वारदात के 10 दिन बाद गुरसराय के खैरो नुनार गांव में 8 बदमाशों ने कारोबारी श्रेयांश जैन के घर में घुसकर डकैती डाली। दोनों डकैती में तरीका एक जैसा रहा। अब सवाल उठ रहे हैं कि जब पहली डकैती के 8 बदमाशों में से 5 पकड़े गए तो क्या अब दूसरे गिरोह ने डकैती डाली है?
3 दिन में 2 डॉक्टरों के घरों में चोरी

सनफ्रान अशोक सिटी में डॉक्टर पुष्पेंद्र सिंह के घर में चोरी हुई थी।
बदमाशों ने 3 दिन के अंदर पॉश कॉलोनियों में दो डॉक्टरों के घरों के ताले चटकाए। 12 मार्च को रायल सिटी निवासी पशु चिकित्साधिकारी डा. संजय सिंह के घर से बदमाश दिनदहाड़े 3 लाख रुपए के जेवर व कैश चुराकर ले गए थे। इसके बाद बदमाशों ने 14 मार्च को सनफ्रान अशोक सिटी में डॉ. पुष्पेंद्र सिंह के घर में धावा बोला। यहां से एक लाख कैश, सवा लाख की घड़ी समेत चोर 5 लाख रुपए का माल चुराकर ले गए थे।
5 लाख के गहने और बंदूक चुराई
महानगर के ओम शांति ग्रीन में रहने वाले सिंचाई विभाग के लिपिक मनमोहन सेन के घर से चोरों ने 5 लाख से ज्यादा कीमत के दस तोले सोने के जेवर, 80 हजार कैश समेत लाइसेंसी दोनाली बंदूक चोरी की थी। इसके अलावा मिशन कंपाउंड में व्यवसायी जीतू जैन के घर से बदमाशों ने 16 लाख रुपए के जेवर उड़ा दिए थे। यह गहने उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए रखे हुए थे।
मैनेजर को दिनदहाड़े लूटा
14 मार्च को बबीना थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव के पास बदमाशों ने दिनदहाड़े मैनजर पंकज विश्वकर्मा से लूटपाट की थी। मैनेजर गांवों में पैसों की रिकवरी करके ओरछा लौट रहे थे। रास्ते में दो बदमाश पेट में चाकू अड़ाकर 36 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए थे। अब तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है।